प्रोजेक्ट नई किरण के तहत बिखरे परिवारों में फिर जगी खुशियों की किरण
औरैया, 10 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद औरैया में अधीक्षक के निर्देशानुसार महिला थाना ककोर में महिला थाना प्रभारी की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 55 प्रकरणों पर सुनवाई की गई, जिनमें 13 परिवार आपसी वैचारिक मतभेद के चलते अलग रह रहे थे।
काउंसलिंग एवं समझाइश के माध्यम से पति-पत्नी के बीच चल रहे मनमुटाव और विवाद को दूर कर सभी को पुनः साथ रहने के लिए राजी किया गया। इसके बाद परिवारों को हंसी-खुशी विदा किया गया।
पुलिस विभाग द्वारा संचालित प्रोजेक्ट नई किरण के माध्यम से टूटते परिवारों को फिर से एक सूत्र में बांधने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार