संविधान के आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें युवा : किशन चौधरी
मथुरा, 26 नवंबर (हि.स.)। के.एम. विश्वविद्यालय के लेक्चर थिएटर में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा मेरा युवा भारत अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और अनुशासन के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
एशियाई पैरा एथलीट एवं डिस्कस थ्रो के रजत पदक विजेता राम रतन सिंह ने अपने खेल जीवन और संघर्ष के अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर प्रति कुलपति डॉ. शरद अग्रवाल, कुलसचिव डॉ. पूरन सिंह, परीक्षा नियंत्रक समीक्षा भारद्वाज, जिला युवा अधिकारी अमित कुमार, जिला यूथ आइकॉन दीपक सिंह आजाद सहित शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन क्रीड़ा अधिकारी वेद प्रकाश पांडे ने किया।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार