संस्मरण पखवाड़ा के तहत आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
प्रयागराज, 25 जून (हि.स)। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में संस्मरण पखवाड़ा (23 जून से 6 जुलाई) के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर गुरुवार को सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में कार्य योजना बैठक में जानकारी देते हुए महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में शाम साढ़े तीन बजे आपात काल पर संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा काशी क्षेत्र के 08 जनपदों के संगठन के लोग शामिल होंगे। इस दौरान लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित भी किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा होंगे।
महानगर अध्यक्ष ने बताया कि 02 जुलाई को जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा शैक्षणिक केंद्रों के सामने युवा व महिला मोर्चा को कार्यक्रम करना है। 06 जुलाई को डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जयंती के अवसर पर समस्त बूथों पर वृक्षारोपण का कार्यक्रम किया जाएगा। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 25 पाैधरोपण किये जाएंगे।
--लोकतंत्र सेनानियों का किया गया सम्मानमहानगर अध्यक्ष ने कहा कि आपातकाल के विषम समय में भी जीवटता की तरह लोकतंत्र के लिए आवाज बुलंद करने वाले लोकतंत्र सेनानियों के प्रति हमें कृतज्ञ होना चाहिए। भाजपा मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा ने बताया कि कार्य योजना बैठक के दौरान आज लोकतंत्र सेनानी विजय कुमार पांडेय, राम बाबू केसरवानी, सुशील शुक्ला, दिनेश चंद्र शुक्ला का भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने अंग वस्त्र पहनाकर उन्हें सम्मानित किया गया।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस अवसर पर भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, आनंद सोनकर ,विक्रम भदौरिया, डॉ शैलेश पांडेय, रमेश पासी, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, वंदना शर्मा, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, शुभम सिंह, सुजीत कुशवाहा, मो. शरीफ, गोपाल श्रीवास्तव, आनंद दुबे आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र