सामाजिक जागरूकता और सामूहिक इच्छाशक्ति से रुकेगा बाल विवाह : उज्ज्वल उपाध्याय
बाराबंकी, 27 नवंबर (हि.स.)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को केवल कानून के डर से नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और सामूहिक इच्छाशक्ति से समाप्त किया जा सकता है। इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा।
यह बात जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उज्ज्वल उपाध्याय ने अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर शुक्रवार को देवा ब्लॉक सभागार में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कही। संवाद सामाजिक संस्थान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के प्रोग्राम मैनेजर विनोद कुमार ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने और बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के प्रमुख अतुल तिवारी ने किया। इस मौके पर आलोक मिश्रा, वीरेंद्र कुमार, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना टीम, मिशन शक्ति देवा टीम, महिला कल्याण विभाग के अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की लीगल टीम सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी