प्रो. सीमा द्विवेदी बनीं जीएसवीएम की प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष
कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता, बेहतर चिकित्सीय सेवाओं और शोध गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक ले जाना हमारी प्राथमिकता होगी। यह बातें शनिवार को जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभागाध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रो. डॉ. सीमा द्विवेदी ने कहीं।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में विभागाध्यक्ष पद का औपचारिक कार्यभार हस्तांतरण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान प्रो. डॉ. रेनू गुप्ता ने विभागाध्यक्ष का कार्यभार प्रो. डॉ. सीमा द्विवेदी को सौंपा। समारोह में कॉलेज प्रशासन, विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षक और रेजिडेंट चिकित्सक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रो. डॉ. रेनू गुप्ता के कार्यकाल की सराहना करते हुए विभाग के विकास, शैक्षणिक गतिविधियों और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में उनके योगदान को याद किया गया। उपस्थित चिकित्सकों ने उनके नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रो. डॉ. सीमा द्विवेदी ने कहा कि विभाग की शैक्षणिक उत्कृष्टता को और मजबूत करने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने टीम भावना के साथ विभाग को नई उपलब्धियों तक पहुंचाने का भरोसा जताया।
समारोह में विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. किरण पाण्डेय, डॉ. कंचन शर्मा, डॉ. संगीता सारस्वत, डॉ. शीला शर्मा एवं डॉ. सपना सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ संकाय सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रो. डॉ. नीना गुप्ता, प्रो. डॉ. अनीता गौतम, प्रो. डॉ. शैली अग्रवाल, प्रो. डॉ. वंदना शर्मा, एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. दिव्या द्विवेदी, डॉ. पविका लाल, डॉ. गरिमा गुप्ता, डॉ. दीपक आनंद, डॉ. प्रतिमा वर्मा, डॉ. उरूज जहाँ, डॉ. प्रीति त्यागी, डॉ. रश्मि गुप्ता, डॉ. रश्मि यादव, डॉ. करिश्मा शर्मा सहित विभाग के शिक्षक, रेजिडेंट, इंटर्न और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
समारोह का संचालन डॉ. प्रज्ञा त्रिवेदी एवं डॉ. फरहीन ने किया। अंत में सभी ने प्रो. डॉ. सीमा द्विवेदी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विभाग की निरंतर प्रगति की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप