गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में स्नातक के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की प्रक्रिया शुरू
मुरादाबाद, 21 जुलाई (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद के कुलसचिव प्रो. गिरीश कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को बताया कि गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद से सम्बद्ध मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बिजनौर व जे०पी० नगर (अमरोहा) जनपदों में संचालित राजकीय/ संघटक/ अनुदानित/ स्ववित्तपोषित समस्त महाविद्यालयों में सत्र 2026-27 में स्नातक स्तर समस्त पाठ्यक्रमों (सेमेस्टर/वार्षिक मोड) के प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण एवं महाविद्यालय के चयन की प्रथम चरण की प्रक्रिया 16 जुलाई को पूर्ण हो चुकी है।
कुलसचिव ने आगे बताया कि छात्रहित में कुलपति के आदेश 20 जुलाई के अनुपालन में सत्र 2026-27 में स्नातक स्तर समस्त पाठ्यक्रमों (सेमेस्टर/वार्षिक मोड) के प्रथम वर्ष में प्रवेश हेतु समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण एवं महाविद्यालय के चयन की द्वितीय चरण की प्रक्रिया विवरण निम्नवत् है। ऑनलाइन आवेदन शुल्क 150 रुपये निर्धारित है।
कुलसचिव के अनुसार ऑनलाइन पंजीकरण एवं महाविद्यालय के चयन प्रारम्भ होने की तिथि 20 जुलाई, ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जुलाई है। इसके साथ ही छात्रों द्वारा महाविद्यालय में रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई को शाम 05 बजे तक है।
विश्वविद्यालय में प्रवेश हेतु इच्छुक छात्र/छात्राएं विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.gjum.ac.in एवं https://gjum.samarth.edu.in/index.php/ के माध्यम से प्रवेश सम्बन्धी नियमों आदि की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन पूरित कर सकते हैं।
साथ ही यह भी सूचित किया जाता है कि पंजीकरण के उपरांत संज्ञान में आयी त्रुटियों में सशोंधन छात्र/छात्रा समर्थ लॉगिन से 31 जुलाई को शाम 05 बजे तक कर सकते हैं। इस समयावधि के उपरांत किसी भी प्रकार के संशोधन की अनुमति प्रदान नहीं की जायेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल