ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने रास्ते, मुख्यमार्ग, ग्राम पंचायत की उठाईं समस्याएं

 


मुरादाबाद, 18 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश चकबंदी आयुक्त के निर्देशों के क्रम में कृषकों का फीडबैक प्राप्त कर उनकी समस्याओं का निराकरण किये जाने के लिए चकबन्दी अधिकारी तृतीय विनय कुमार श्रीवास्तव ने ग्राम सैंजनी मुस्तहक तहसील ठाकुरद्वारा में बुधवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया। चौपाल में कृषकों की समस्याओं को सुना गया। ग्रामवासियों ने रास्ते, मुख्यमार्ग, ग्राम पंचायत, आंगनवाड़ी, सार्वजनिक मदों के लिए भूमि की मांग की समस्याएं उठाईं।

बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी ने बताया कि ग्राम सैंजनी मुस्तहक तहसील ठाकुरद्वारा में धारा-20 का प्रकाशन हो चुका है। ग्राम में कृषकों के बीच वार्ता/संवाद किया गया तथा ग्राम के कृषकों के समस्याओं एवं चकबन्दी योजना के लाभ आदि बिन्दुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी। ग्रामवासियों द्वारा रास्ते, मुख्यमार्ग, ग्राम पंचायत, आंगनवाड़ी सार्वजनिक मदों के लिए भूमि की मांग की गयी। इसके अतिरिक्त पानी की टंकी के लिए भी भूमि आरक्षण की मांग की गई, जिसमें बताया गया कि आंगनवाड़ी, प्रा. स्वस्थ केन्द्र, अम्बेडकर पार्क, शमशान एवं कब्रिस्तान आदि मदों में भूमि सुरक्षित की गई है। पानी की टंकी के लिए भूमि सुरक्षित करने सम्बन्धी पत्रावली प्रस्तुत की गयी, जिसमें सम्यक परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की जानी है।

कृषकों को बताया गया कि ग्राम में वर्तमान स्तर पर चक निर्माण की कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने बताया कि कार्यवाही के प्रारम्भ होने पर ग्राम में मुख्यमार्ग चकमार्ग नाली इत्यादि सुचारू रूप से कृषि कार्य के लिए बनाये जाएंगे।

उपस्थित कृषकों से निर्विवाद विरासत के प्रकरणों के सम्बन्ध में चकबन्दी अधिकारी द्वारा वार्ता की गई। साथ ही सहायक चकबन्दी अधिकारी व चकबन्दीकर्ता एवं चकबन्दी लेखपाल को मौके पर ही निर्देशित किया गया कि निर्विवाद प्रकृति के विरासत के प्रकरणों का तत्काल संज्ञान लेते हुये आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।

कृषकों को इस तथ्य से भी अवगत कराया गया कि चकबन्दी प्रक्रिया से सम्बन्धित किसी भी समस्या के समाधान के सम्बन्ध में कृषकगण किसी भी समय चकबन्दी अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अथवा दूरभाष नम्बर-9451215565 पर वार्ता कर प्रकरण को संज्ञान में ला सकते हैं। कृषकों को यह भी बताया गया कि उनके ग्राम में उच्चाधिकारियों का भ्रमण कार्यक्रम लगातार होता रहेगा।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल