मुरादाबाद की प्रिया अग्रवाल फिर बनीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष
मुरादाबाद, 01 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश नेतृत्व ने मुरादाबाद की भाजपा नेत्री प्रिया अग्रवाल पर एक बार फिर विश्वास जताते हुए उन्हें महिला मोर्चा का पुनः प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने गुरुवार को 36 पदाधिकारियों की सूची जारी की, जिसमें प्रिया अग्रवाल को पुनः प्रदेश उपाध्यक्ष का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दोबारा मिलने पर प्रिया अग्रवाल ने प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है।
प्रिया अग्रवाल ने कहा कि वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी तथा महिला सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल