सेवा ही सच्चा धर्म है का पालन कर रहे हैं स्काउट गाइड : डॉ विशेष गुप्ता
भारत स्काउट-गाइड का 10 दिवसीय निःशुल्क जल सेवा शिविर का समापन
मुरादाबाद, 05 जून (हि.स.)। भारत स्काउट एवं गाइड, जनपद मुरादाबाद द्वारा रोडवेज बस स्टैंड पर आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क जल सेवा शिविर का शुक्रवार को भव्य एवं प्रेरणादायी समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश बाल कल्याण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. विशेष गुप्ता ने स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों के सेवा भाव की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि सेवा ही सच्चा धर्म है और स्काउट-गाइड के बच्चे इस धर्म का वास्तविक पालन कर रहे हैं।
डॉ. विशेष गुप्ता ने आगे कहा कि उन्होंने कहा कि जो युवा समाज की पीड़ा को समझकर सेवा के लिए आगे आते हैं, वही भविष्य में राष्ट्र के सशक्त नागरिक और संवेदनशील नेतृत्वकर्ता बनते हैं।
कार्यक्रम में जिला स्काउट कमिश्नर डॉ. हिमांशु यादव ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त पाठशाला है, जो बच्चों को अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाती है।
जिला सचिव डॉ. सुरेंद्र वर्मा ने शिविर की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि 25 मई से 4 जून तक चले इस सेवा अभियान में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के 250 से अधिक स्काउट-गाइड स्वयंसेवकों ने निस्वार्थ भाव से सेवा प्रदान की।
कोषाध्यक्ष शिवकुमार शर्मा, कमिश्नर संजय सिंह, बुलबुल कमिश्नर मधु सक्सेना, यूथ कमिश्नर बबीता मेहरोत्रा, एसडीएम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य उदयराज सिंह तथा जनपद के प्रथम राष्ट्रपति स्काउट विजय मल्होत्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल