पुरानी पेंशन बहाली समेत 12 मांगों को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

 


जौनपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने बुधवार को शिक्षकों की 12 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री याेगी को संबोधित ज्ञापन सौंपा है। जिलाध्यक्ष अरविन्द शुक्ल और जिला मंत्री रविचन्द्र यादव के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने पुरानी पेंशन बहाली, टीईटी की अनिवार्यता से छूट, पदोन्नति और स्थानांतरण सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।

ज्ञापन में प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षकों और उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने के फैसले का स्वागत करते हुए आभार जताया गया। साथ ही एक अप्रैल 2005 या उसके बाद नियुक्त शिक्षकों के लिए नई पेंशन प्रणाली समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की पूर्वव्यापी अनिवार्यता से मुक्त रखने के लिए विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग की गई।

शिक्षक संघ ने प्रमाणपत्रों की एसटीएफ जांच के आदेश पर रोक लगाने, प्रधानाध्यापक पदों पर पदोन्नति सुनिश्चित करने और 12 वर्ष की सेवा पूरी करने वाले शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान देने की मांग उठाई। इसके अलावा ब्रिज कोर्स परीक्षा में 50 प्रतिशत न्यूनतम अंक की अनिवार्यता समाप्त करने तथा लंबित अंतरजनपदीय स्थानांतरण की सूची जारी करने का अनुरोध किया।

ज्ञापन में शीतकालीन अवकाश में अंतरजनपदीय और पारस्परिक स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी कराने, मृतक शिक्षकों के योग्य आश्रितों को नियुक्ति देने, प्रत्येक विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, सफाईकर्मी और चौकीदार की नियुक्ति करने तथा द्वितीय शनिवार और उपार्जित अवकाश देने की मांग भी शामिल है।

इस अवसर पर लाल साहब यादव, रामदुलार यादव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, सुनील कुमार यादव, शिवेंद्र सिंह रानू, लक्ष्मीकांत सिंह, विष्णु तिवारी सहित अन्य शिक्षक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव