मंदिरों के पुजारियों को मिले ₹40,000 वेतन भत्ता : श्याम कृष्ण रस्ताेगी

 


मुरादाबाद, 10 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय पुजारी परिषद की एक आवश्यक बैठक सम्राट अशोक नगर स्थित महाकालेश्वर धाम मन्दिर में मंदिर के पंडित नवल स्वरूप अवस्थी की अध्यक्षता में रविवार को सम्पन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए परिषद के संस्थापक श्याम कृष्ण रस्धेगी ने कहा कि मंदिरों के पुजारियों को ₹40,000 हजार वेतन भत्ता दिया जाए।

श्याम कृष्ण रस्ताेगी ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4 वर्ष पूर्व 20 अप्रैल 2022 को पुजारी एवं कल्याण बोर्ड गठन करने की जो घोषणा की थी, उस घोषणा को बोर्ड बनाकर यथाशीध्र पूरा किया जाए ।

उन्होंने आगे कहा कि 4 वर्ष बीतने के बाद भी न सरकार की तरफ से कोई अध्यादेश आया और न ही बजट में कोई व्यवस्था की गई। इसे लेकर पुजारी और पुरोहितों में काफी रोष दिख रहा है । हमने कई बार ज्ञापन दिए गए तो वहां से जवाब आया कि बोर्ड पर काम चल रहा है। यह कैसा काम हो गया जो घोषणा के 4 वर्ष बीतने पर भी अभी तक चल ही रहा है। राष्ट्रीय पुजारी परिषद द्वारा एक बार फिर से सरकार को जगाने के लिए शंखनाद एवं ज्ञापन का कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।

बैठक का संचालन पं. विनोद शर्मा ने किया। बैठक में पं. तेज नारायण मिश्रा, आचार्य गणेशानंद , पुजारी महेंद्र, पं. हरे कृष्णा दुबे, पं. सतीश त्रिपाठी, पं. मदन लाल भारद्वाज ,पं. कृष्ण मोहन तिवारी, आचार्य गौरव द्विवेदी, महंत मुकेशानंद सूर्यकुंज, पं. रविशंकर चतुर्वेदी, पं. कृपा शंकर चतुर्वेदी, पं. सतीश खंडूरी आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल