मजिस्ट्रेट टिकट चेकिंग अभियान में 511 यात्रियों से वसूले तीन लाख रुपये जुर्माना

 


प्रयागराज,20 अप्रैल (हि.स.)। प्रयागराज मण्डल ने 19 अप्रैल को देर रात एक विशेष अभियान में कुल 511 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं में पकड़ा और उनसे तीन लाख,335 रुपये का जुर्माना वसूल किया।

यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक दिनेश कुमार के सुपरविजन में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत प्रयागराज मण्डल के विभिन्न स्टेशनों एवं 18 से अधिक ट्रेनों में विशेष जांच की गई। इस दौरान बिना टिकट यात्रा करने वालों, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों, धूम्रपान करने वालों तथा अनबुक्ड लगेज ले जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस अभियान में 27 चेकिंग स्टाफ, 10 रेलवे सुरक्षा बल कर्मी एवं 2 राजकीय रेलवे पुलिस कर्मियों ने मिलकर कार्य किया।

उन्होंने बताया कि इसमें 217 बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से एक लाख,56 हजार रुपये, 289 अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से एक लाख, 40 हजार, 710 रुपये, 3 यात्रियों से धूम्रपान-गंदगी फैलाने के लिए 300 रुपये एवं अनबुक्ड लगेज के लिए 2 यात्रियों को प्रभारित कर 3,325 रुपये जुर्माना वसूला गया।

पीआरओ ने कहा कि रेल प्रशासन अपने सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र