प्रयागराज मंडल ने अप्रैल में 78 हज़ार से अधिक यात्रियों से 5.83 करोड़ रुपये वसूला जुर्माना

 


-18 अप्रैल को चेकिंग अभियान में 5418 यात्रियों से 42,18,674 रुपये जुर्माना वसूला

प्रयागराज, 21 अप्रैल (हि.स)। प्रयागराज मण्डल अपने सभी यात्रियों को अच्छी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशनों एवं गाड़ियों में निरंतर टिकट चेकिंग अभियान चला रहा है। इस माह 01 से 20 अप्रैल तक चलाये गए सघन टिकट चेकिंग अभियान में बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा, अनबुक्ड लगेज एवं गंदगी के विरुद्ध कार्रवाई की गई। टिकट चेकिंग अभियान के दौरान कुल 78,023 यात्रियों को प्रभारित कर 5,83,96,071 रुपए का जुर्माना वसूला गया।

जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि इसमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 38,440 यात्रियों से 3,57,00,097 रुपए, अनियमित यात्रा करने वाले 38,043 यात्रियों से 2,23,15,269 रुपए, अनबुक्ड लगेज के लिए 35 यात्रियों से 18,164 रुपये एवं गंदगी फैलाने के लिए 1505 यात्रियों से 3,62,541 रुपए जुर्माना वसूला गया।

उन्होंने बताया कि प्रयागराज मण्डल द्वारा बीते 18 अप्रैल को चलाये गए सघन टिकट चेकिंग अभियान के परिणामस्वरूप वृहत स्तर पर कार्रवाई की गई। जिसमें टिकट चेकिंग अभियान के दौरान कुल 5418 यात्रियों से 42,18,674 रुपए का जुर्माना वसूल किया गया। प्रयागराज मण्डल के इस अभियान में गत एक वर्ष में यह सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। पीआरओ ने बताया कि सबसे ज्यादा प्रयागराज में 19,955 लोगों से 1,59,22,219 रू. वसूले गये। इसके बाद कानपुर से 19,695 यात्रियों से 1,53,40,756 रू. वसूले गये। तीसरे नंबर पर टूंडला रहा, जहां 13,138 लोगों से 1,10,74,749 रू. वसूले गये। इनके अलावा अलीगढ़, प्रयागराज छिवकी, इटावा, सूबेदारगंज, फिरोजाबाद, मिर्जापुर, शिकोहाबाद, खुर्जा, हाथरस, मानिकपुर, फतेहपुर, नैनी, विन्ध्याचल, चुनार, फफूंद स्टेशनों पर वसूली की गयी।

अंत में उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन अपने सभी यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार की असुविधा या अनियमितता की सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को दें।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र