मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के नाम : प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा
बलरामपुर, 15 जून (हि.स.)। केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की योगी सरकार का एकमात्र ध्येय ‘अंत्योदय’ है। सरकार की शीर्ष प्राथमिकता समाज के सबसे पिछड़े और वंचित व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। आज देश व प्रदेश का गरीब विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे लाभान्वित हो रहा है। उक्त बातें खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री एवं बलरामपुर जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने सोमवार को यहां आयोजित ‘मीडिया संवाद कार्यक्रम’ में कही।
मंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा उज्ज्वला योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र लोगों को मिल रहा है। महिला, युवा और किसान सशक्तिकरण को बीते 12 वर्षों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में बताते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया गया है। वहीं स्टार्टअप इंडिया और कौशल विकास मिशन जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के असीम अवसर खोले हैं। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से सीधे उनके खातों में आर्थिक सहायता पहुंचाकर उनकी आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक संबल प्रदान करने का ऐतिहासिक कार्य किया गया है।
मंत्री ने केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष (2014-2026) पूरे होने पर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित ऐतिहासिक उपलब्धियों का ब्यौरा साझा किया। उन्होंने कहा कि यह 12 वर्ष नए भारत के निर्माण तथा देश के 140 करोड़ नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक एवं क्रांतिकारी बदलावों के साक्षी रहे हैं। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ मीडिया के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन की वास्तविक पहचान है।
खाद्य सुरक्षा एवं भ्रष्टाचार मुक्त पारदर्शी वितरण व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करोड़ों पात्र परिवारों को बिना किसी बाधा के निरंतर निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार ने कोटे की दुकानों पर ई-पॉस (इलेक्ट्रॉनिक पॉइंट ऑफ सेल) मशीनों और आधुनिक तकनीक का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया है, जिससे राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आई है तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक भारतीय के भीतर आत्मनिर्भरता का आत्मविश्वास जागृत हुआ है। पूरा देश एकजुट होकर वर्ष 2047 तक भारत को एक पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने के महासंकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जिले के प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, तकनीक और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। मीडिया के माध्यम से सरकार की इन ऐतिहासिक और धरातलीय उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना हमारी पारदर्शिता तथा जनता के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करता है।
उक्त अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, सदर विधायक पल्टूराम, कैलाश नाथ शुक्ल, राम प्रताप वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, कार्यक्रम संयोजक आद्या सिंह ‘पिंकी’ तथा मीडिया प्रभारी डी.पी. सिंह बैंस सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन