वाराणसी खंड स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियां तेज, जौनपुर में 61,953 मतदाता करेंगे मतदान

 




जौनपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को चुनाव से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। निर्वाचन संबंधी अधिसूचना, नाम वापसी और मतगणना की प्रक्रिया वाराणसी से संपन्न होगी।

जौनपुर में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 22 मतदेय स्थलों पर कुल 6,167 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 5,023 पुरुष और 1,144 महिला मतदाता हैं। वहीं, खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 55 मूल और 10 सहायक समेत कुल 65 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां 55,786 मतदाता हैं, जिनमें 38,021 पुरुष और 17,765 महिला मतदाता शामिल हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 61,953 मतदाता हैं।

जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा माइक्रो आब्जर्वर की नियुक्ति और प्रशिक्षण, वाहनों की व्यवस्था, रूट चार्ट, मतदाता सूची, मतदान स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं, वीडियोग्राफी, सीसीटीवी एवं वेबकास्टिंग की व्यवस्था समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।

बताया गया कि मतदान पार्टियां 22 अक्टूबर को प्रेक्षागृह से अपने निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना होंगी। मतदान समाप्त होने के बाद सभी पार्टियां प्रेक्षागृह में लौटेंगी और उसी दिन बसों से मतपेटियां वाराणसी में निर्धारित स्ट्रांग रूम में जमा कराई जाएंगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानन्द झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, नगर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव