संगठन के आगामी कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां पूरी : शिवराम सिंह
कानपुर, 25 जून (हि.स.)। 23 जून से छह जुलाई तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से सभी कार्यक्रमों को सफल बनाया जाएगा। यह बातें गुरुवार को भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहीं।
भाजपा कानपुर दक्षिण के जिला कार्यालय में आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने की। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि श्यामनगर स्थित परिणय गेस्ट हाउस में आयोजित होने वाली आपातकाल विषयक संगोष्ठी में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में आपातकाल से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आगामी ‘मन की बात’ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता और आमजन प्रधानमंत्री के विचारों को सुनेंगे। इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की जाएगी।
शिवराम सिंह ने बताया कि 30 जून को जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान, केंद्रीय मंत्री के रूप में उनकी भूमिका तथा भारतीय जनसंघ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यों पर वक्ताओं द्वारा प्रकाश डाला जाएगा।
उन्होंने कहा कि छह जुलाई को बूथ स्तर पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक बूथ पर 100 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में महामंत्री गणेश शुक्ला, जसविंदर सिंह, अर्जुन बेरिया, शशांक मिश्रा, जितेंद्र सचान, जिला मीडिया प्रभारी संजीव बेरी, राजन चौहान, वंदना गुप्ता, वीरेंद्र स्वामी, दिवाकर, मधु तिवारी, एल.बी. सिंह पटेल, कमलजीत सिंह बग्गा, आशीष साहू, विक्की मूरजानी, भावना उधानी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप