यूपीटीईटी- 2026 की प्रोविजनल उत्तरकुंजी जारी, 14 तक दर्ज कर सकेंगे आपत्ति

 


02, 03 एवं 04 जुलाई को आयोजित परीक्षा के मास्टर सेट की उत्तरकुंजी वेबसाइट पर अपलोड

प्रयागराज, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 की प्रोविजनल उत्तरकुंजी जारी कर दी है। यह जानकारी बुधवार को आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा आयोजित उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026, 02 व 03 जुलाई 2026 को प्रतिदिन दो-दो पालियों में एवं 04 जुलाई 2026 को प्रथम पाली में सम्पन्न हुई थी। इस परीक्षा के मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी अभ्यर्थियों के अवलोकनार्थ बुधवार 08 जुलाई 2026 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in पर प्रकाशित की जा रही है। सभी अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित ऑनलाइन लिंक के माध्यम से अपना अनुक्रमांक एवं जन्मतिथि अंकित कर लॉगिन करने के उपरांत मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी से मिलान कर लें। यदि किसी अभ्यर्थी को मास्टर सेट की प्रोविजनल उत्तरकुंजी पर कोई आपत्ति हो तो वह 14 जुलाई 2026 की रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कर सकता है। आपत्ति दर्ज करने संबंधी दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।

केवल ऑनलाइन माध्यम से ही मान्य होगी आपत्ति, ऑफलाइन पर नहीं होगा विचार

ऑनलाइन लिंक के अतिरिक्त अन्य किसी भी माध्यम से प्राप्त आपत्ति पर आयोग द्वारा विचार नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल