प्रयागराज टिकट चेकिंग अभियान में 1413 यात्रियों से सवा नौ लाख जुर्माना
प्रयागराज, 11 अप्रैल (हि.स)। प्रयागराज मण्डल यात्रियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ टिकट रहित और अनियमित यात्रा करने वालो पर अंकुश लगाने के लिए टिकट चेकिंग अभियान चलाता रहता है। शुक्रवार को देर रात तक चले अभियान में कुल 1413 यात्रियों को विभिन्न अनियमितताओं के तहत प्रभारित किया गया। जिनसे कुल 9,24,590 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शनिवार को देते हुए बताया कि इसमें 645 बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों से 5,35,170 रुपए, 757 अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों से 3,88,220 रुपये तथा 11 यात्रियों से धूम्रपान एवं गंदगी फैलाने के लिए 1200 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
उन्होंने बताया कि मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित अग्रवाल के सुपरविजन में सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत प्रयागराज मण्डल के विभिन्न स्टेशनों एवं 72 से अधिक ट्रेनों में विशेष जांच की गई। टिकट जांच स्टाफ द्वारा गहन निरीक्षण करते हुए बिना टिकट यात्रा करने वालों, अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों, धूम्रपान करने वालों तथा अनबुक्ड लगेज ले जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी कहा कि रेल प्रशासन हमेशा यात्रियों से अपील करता है कि वे रेल यात्रा के दौरान नियमों का पालन करें, वैध टिकट के साथ ही यात्रा करें तथा रेल परिसर एवं ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र