रेल कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर पीएनएम बैठक शुरू, बेहतर समन्वय पर जोर

 


प्रयागराज, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल में रेल प्रशासन और उत्तर मध्य रेलवे मेंस यूनियन (एनसीआरएमयू) के बीच दो दिवसीय पीएनएम बैठक शुरू हुई। जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि बैठक का उद्देश्य कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान, बेहतर समन्वय और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा करना है।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को उत्तर मध्य रेलवे मेंस यूनियन (एनसीआरएमयू) के साथ दो दिवसीय पीएनएम (परमानेंट नेगोशिएशन मशीनरी) बैठक शुरू हुई। बैठक में रेलवे प्रशासन और यूनियन के पदाधिकारियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि रेलवे प्रशासन और यूनियन के बेहतर समन्वय से मंडल का संचालन प्रभावी ढंग से हो रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष में बड़ी संख्या में कर्मचारियों को पदोन्नति, एमएसीपी का लाभ, अनुकंपा नियुक्तियां और अन्य सुविधाएं प्रदान की गई हैं। साथ ही कर्मचारियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण, ई-ऑफिस और एचआरएमएस जैसी डिजिटल व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक लागू किया गया है।

बैठक में कर्मचारी हित निधि के माध्यम से छात्रवृत्ति, दिव्यांग कर्मचारियों को विशेष स्कूटी, पर्यटन कार्यक्रम, योग प्रशिक्षण सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।

एनसीआरएमयू के महामंत्री आर.डी. यादव ने रेलवे प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल की सराहना करते हुए कर्मचारियों के स्थानांतरण, पदोन्नति, आवास, रेलवे कॉलोनियों की मरम्मत, अस्पताल की सुविधाओं, ओवरहेड टैंक की सफाई, पार्किंग, शिशु सदन, आरओ, साइकिल स्टैंड और यात्रा भत्ते जैसे मुद्दे उठाए।

उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह की बैठकें कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और रेलवे प्रशासन व यूनियन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है, ताकि कार्यस्थल की सुविधाओं और सेवाओं में लगातार सुधार हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल