यूपीटीईटी अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे का विशेष इंतजाम

 




दो स्पेशल ट्रेनें चलाईं, फतेहपुर पैसेंजर प्रयागराज तक बढ़ाई गई : अमित कुमार सिंह

प्रयागराज, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रयागराज मंडल ने विशेष रेल प्रबंध किए हैं। परीक्षार्थियों को समय पर गंतव्य तक पहुंचाने के उद्देश्य से कानपुर सेंट्रल से दो विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया, वहीं फतेहपुर पैसेंजर ट्रेन का विस्तार प्रयागराज तक किया गया। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में परीक्षा अवधि के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया, जिससे अभ्यर्थियों के साथ-साथ सामान्य यात्रियों को भी बेहतर यात्रा सुविधा मिल सके।

रेलवे द्वारा संचालित विशेष ट्रेनों में कानपुर सेंट्रल–झांसी स्पेशल तथा कानपुर सेंट्रल–लखनऊ स्पेशल ट्रेन शामिल रहीं। दोनों विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित समयानुसार कानपुर सेंट्रल से किया गया। इसके अलावा फतेहपुर पैसेंजर ट्रेन को प्रयागराज तक विस्तारित किया गया, जिससे बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को सीधा लाभ मिला।

अमित कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त रेलकर्मियों की तैनाती, प्रभावी उद्घोषणा व्यवस्था, पूछताछ काउंटरों की सक्रियता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने सभी अभ्यर्थियों और यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर समय से स्टेशन पहुंचें तथा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने में रेलवे का सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल