जून में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट चेकिंग कर्मचारियों का सम्मान, 11.10 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित

 

विशेष टिकट जांच अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र, वैध टिकट से यात्रा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर

प्रयागराज, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में जून 2026 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टिकट चेकिंग कर्मचारियों को मंगलवार को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन के निर्देशन में लगातार चलाए जा रहे टिकट जांच अभियानों के तहत कर्मचारियों ने बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए जून माह में 11.10 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया।

सम्मान समारोह में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित अग्रवाल, पंकज कुमार त्रिपाठी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक (टिकट चेकिंग) तथा मुख्य वाणिज्य निरीक्षक (टिकट चेकिंग) अम्बरीश कुमार राय भी उपस्थित रहे।

ओपन स्क्वाड श्रेणी में अवनीश प्रताप सिंह रहे प्रथम

जून 2026 में ओपन स्क्वाड श्रेणी में उप मुख्य टिकट निरीक्षक अवनीश प्रताप सिंह ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 1,578 मामलों में कार्रवाई कर 12.60 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। रविकांत त्रिपाठी ने 12.78 लाख रुपये तथा राजकुमार यादव ने 8.27 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा कुनाल कुमार और प्रियदर्शी एस. सिन्हा ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

एमेनिटी स्टाफ श्रेणी में विजय पाल रहे अव्वल

एमेनिटी स्टाफ श्रेणी में विजय पाल ने सर्वाधिक राजस्व अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बिपिन कुमार वर्मा, सुजीत कुमार, राम लखन मीणा तथा लज्जा राम मीणा के कार्यों की भी सराहना की गई।

महिला कर्मचारियों में गायत्री देवी प्रथम

महिला टिकट चेकिंग कर्मचारियों में गायत्री देवी ने 1,170 मामलों में कार्रवाई करते हुए 8.54 लाख रुपये का राजस्व अर्जित कर पहला स्थान प्राप्त किया।

स्टेशन स्टाफ श्रेणी में अरविंद कुमार सिंह ने किया शानदार प्रदर्शन

स्टेशन स्टाफ श्रेणी के अंतर्गत चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में मानिकपुर के मुख्य टिकट निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह ने 762 मामलों में कार्रवाई कर 5.51 लाख रुपये का राजस्व अर्जित करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। सूर्य नाथ मौर्य (नैनी) और ममता रानी (फिरोजाबाद) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। कृष्णा कान्त मणि तथा किरण तिवारी ने भी सराहनीय कार्य किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन ने कहा कि कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सतत प्रयासों से न केवल रेलवे के राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, बल्कि यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे नियमों का पालन करने के प्रति भी जागरूकता बढ़ी है।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज मंडल यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को आगे भी सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाता रहेगा, जिससे कार्य संस्कृति में उत्कृष्टता को बढ़ावा मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल