राजभाषा हिंदी के शत-प्रतिशत प्रयोग के लिए सभी कार्यालय पूरी प्रतिबद्धता से करें कार्य : रजनीश अग्रवाल

 


प्रयागराज, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में आयोजित मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि मंडल में राजभाषा नीति के बेहतर अनुपालन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अधिकारियों से सरकारी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का प्रयोग किया जाय।

उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में संकल्प सभागार में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान मंडल की हिंदी पत्रिका 'रेल त्रिवेणी' के नवीन अंक का भी विमोचन किया गया।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी कार्यों का राजभाषा हिंदी में निष्पादन संवैधानिक, राष्ट्रीय और नैतिक दायित्व है। प्रयागराज मंडल पूर्ण रूप से हिंदी भाषी क्षेत्र में स्थित है, इसलिए सभी कार्यालयों में राजभाषा नीति का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मंडल में हिंदी का प्रयोग लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ण प्राप्ति के लिए और अधिक प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।

बैठक में अधिकारियों को राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत आने वाले सभी दस्तावेज हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों से अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया गया।

बैठक में अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 समारोह में प्रयागराज मंडल को राजभाषा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए महाप्रबंधक की ओर से सर्वोत्तम मंडल चल बैजयंती से सम्मानित किया गया।

उन्होंने आगामी राजभाषा पखवाड़ा में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

बैठक में मंडल के सभी शाखा प्रबंधकों ने अपने-अपने विभागों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी तथा राजभाषा के प्रगतिशील उपयोग को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए। बैठक का संचालन सहायक मंडल वित्त प्रबंधक एवं राजभाषा अधिकारी राजीव कुमार ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल