इतिहास के स्वर्णिम पलों का छह जुलाई को साक्षी बनेगा प्रयागराज : गणेश केसरवानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे प्रेरणा पार्क का लोकार्पण एवं तीन महान विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण
प्रयागराज, 04 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज छह जुलाई को एक ऐतिहासिक, गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयागराज आगमन की तैयारियों को लेकर हुई शनिवार को बैठक में प्रयागराज महापौर गणेश केसरवानी ने कही।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने प्रयागराज प्रवास के दौरान काली घाट बोट क्लब स्थित प्रेरणा पार्क का लोकार्पण करेंगे तथा राष्ट्र जीवन को नई दिशा देने वाले तीन महान विभूतियों—डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा विश्व हिन्दू परिषद के वरिष्ठ नेता अशोक सिंघल की भव्य प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। यह आयोजन प्रयागराज की सांस्कृतिक, वैचारिक एवं राष्ट्रीय चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन की तैयारियों को लेकर महापौर गणेश केसरवानी ने विश्व हिन्दू परिषद, विभिन्न व्यापारिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जनसहभागिता तथा आयोजन की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि प्रेरणा पार्क केवल एक उद्यान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक गौरव और महान विभूतियों के आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने वाला एक जीवंत प्रेरणा केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति समर्पण, अटल बिहारी वाजपेयी का दूरदर्शी नेतृत्व और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट विश्वास तथा अशोक सिंघल का भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा के संरक्षण में योगदान सदैव समाज का मार्गदर्शन करता रहेगा।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों से होने वाला यह लोकार्पण समारोह प्रयागराज की सांस्कृतिक पहचान और विकास यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगा। यह आयोजन शहर के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं को राष्ट्रसेवा, सामाजिक समर्पण और सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा भी देगा।
बैठक में उपस्थित सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं एवं विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। सभी ने अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आयोजन को भव्य, अनुशासित और यादगार बनाने का संकल्प लिया।
महापौर ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं, ताकि प्रत्येक आगंतुक को उत्कृष्ट व्यवस्थाओं का अनुभव हो।
उन्होंने प्रयागराज के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं, युवाओं एवं बुद्धिजीवियों से आह्वान किया कि वे 6 जुलाई को प्रेरणा पार्क पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बनें तथा राष्ट्र के महान प्रेरणास्रोतों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।
नगर निगम प्रयागराज का विश्वास है कि प्रेरणा पार्क आने वाले वर्षों में शहर का प्रमुख सांस्कृतिक, प्रेरणादायी एवं पर्यटन केंद्र बनकर उभरेगा, जहां राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक चेतना और जनसेवा के मूल्यों का सतत प्रसार होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित यह लोकार्पण समारोह प्रयागराज की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और विकास यात्रा को नई दिशा देने वाला एक अविस्मरणीय एवं गौरवशाली अवसर सिद्ध होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल