श्रद्धा, सुरक्षा और सुगम व्यवस्था के साथ निकलेगी कांवड़ यात्रा, प्रशासन ने शुरू की व्यापक तैयारियां

 


अपर जिलाधिकारी सत्यम मिश्र बोले—शिवभक्तों की आस्था का पूरा सम्मान, कांवड़ मार्गों और शिवालयों पर हर आवश्यक सुविधा होगी उपलब्ध

प्रयागराज, 18 जुलाई (हि.स.)। सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर शनिवार को अपर जिलाधिकारी (नगर) सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कांवड़ यात्रा मार्गों, प्रमुख शिवालयों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी सत्यम मिश्र ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा पर्व है। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक शिवभक्त सुरक्षित, सुविधाजनक और श्रद्धामय वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर सके। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने कांवड़ मार्गों एवं प्रमुख शिवालयों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल के टैंकर, साफ-सफाई, घाटों पर आकर्षक लाइटिंग तथा सड़कों की मरम्मत समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही मार्गों पर बड़े पेड़ों की छंटाई, जर्जर भवनों की जांच तथा नगर निगम क्षेत्र में रोड रेस्टोरेशन और जलभराव की समस्या समाप्त करने पर भी विशेष जोर दिया।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपर जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन, जाम से बचाव, स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक निर्देश दिए।

उन्होंने सड़कों के किनारे लगने वाले लंगर एवं भंडारों को सुरक्षित दूरी पर आयोजित कराने को भी कहा, जिससे यातायात प्रभावित न हो। उन्होंने विद्युत विभाग को सभी जर्जर एवं लटकते बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त करने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले बंद कराने तथा लोक निर्माण विभाग को कांवड़ मार्गों को पूरी तरह गड्ढामुक्त बनाने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कांवड़ शिविरों में बजने वाले डीजे निर्धारित ध्वनि मानकों के अनुरूप ही संचालित हों। अत्यधिक तेज आवाज की शिकायत मिलने पर संबंधित डीजे के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मंदिरों में प्रवेश और निकास की अलग-अलग व्यवस्था तथा पर्याप्त पार्किंग की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उपमा पांडेय, अपर जिलाधिकारी (नजूल) संजय पांडेय, पुलिस एवं यातायात विभाग के अधिकारियों सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कांवड़ समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सावन में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल