कांवड़ यात्रा में श्रद्धालुओं को नहीं होगी कोई असुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाएं दुरुस्त : जोगेंद्र कुमार

 


प्रयागराज, 22 जुलाई (हि.स.)। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, निगरानी और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यह निर्देश बुधवार को दशाश्वमेध घाट, मनकामेश्वर मंदिर तथा कांवड़ यात्रा मार्गों का संयुक्त निरीक्षण करने के दौरान पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने दिया।

आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एवं अपर पुलिस आयुक्त अजय पाल शर्मा ने दशाश्वमेध घाट, मनकामेश्वर मंदिर तथा कांवड़ यात्रा मार्गों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था का आकलन करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने दशाश्वमेध घाट स्थित पुलिस चौकी पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, ड्रोन से निगरानी कराने तथा पीए सिस्टम के माध्यम से लगातार सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने घाटों एवं कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी डीसीपी को अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों और कांवड़ मार्गों का नियमित निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डीसीपी यातायात को पार्किंग और डायवर्जन की प्रभावी व्यवस्था करने तथा कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने दशाश्वमेध घाट पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, मोबाइल टॉयलेट, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग और स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को पर्याप्त रोशनी और बैकअप के लिए जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा घाटों पर गोताखोर, जल पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती, गहरे पानी वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने शास्त्री ब्रिज के नीचे सीढ़ियों और मार्ग की साफ-सफाई, साइनेज लगाने तथा अंदावा-हंडिया कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बिजली विभाग को खुले और जर्जर तारों को तत्काल ठीक कराने तथा पूरे मार्ग पर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा। साथ ही कांवड़ मार्ग पर जलभराव, गड्ढों और अन्य अवरोधों को तत्काल दूर करने, चिकित्सा शिविर स्थापित करने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मनकामेश्वर मंदिर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ के सुचारु प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए प्रभावी कार्ययोजना लागू करने को कहा। नगर निगम एवं संबंधित निकायों को नियमित साफ-सफाई, कूड़ा उठान और सैनिटाइजेशन तथा स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, चिकित्सा दल और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज, डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य, डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत, डीसीपी ट्रैफिक नीरज पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र सहित पुलिस, प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल