राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बालिकाओं का बढ़ाया हौसला, बोलीं- शिक्षा, कौशल और सकारात्मक सोच से बनाएं उज्ज्वल भविष्य

 


प्रयागराज, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को प्रयागराज के खुल्दाबाद स्थित राजकीय बालगृह (बालिका) का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बालिकाओं से संवाद करते हुए शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। इस दौरान मिशन वात्सल्य योजना के तहत क्लाउड किचन एवं आउटलेट निर्माण का शिलान्यास भी किया।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय बालगृह (बालिका), खुल्दाबाद का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिकाओं द्वारा तैयार किए गए टीचिंग लर्निंग मैटेरियल (टीएलएम), आर्ट एंड क्राफ्ट सामग्री, विभिन्न मॉडल तथा एआई हेल्थ केयर मॉडल का अवलोकन कर उनकी सराहना की।

राज्यपाल ने बालिकाओं से संवाद करते हुए संस्था में संचालित पाक कला, योग, बागवानी, सिलाई-कढ़ाई एवं क्राफ्ट प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा, ज्ञान और कौशल सबसे बड़ी पूंजी हैं। यदि दृढ़ संकल्प, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ा जाए तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कॉमन हॉल में राज्यपाल ने पाक्सो पीड़ित बालिकाओं से भी बातचीत की और उनके शिक्षा, स्वास्थ्य एवं प्रशिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बालिकाओं को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनने, स्वच्छता अपनाने, पौष्टिक भोजन करने, नियमित दिनचर्या का पालन करने तथा हमेशा सकारात्मक सोच रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने बालिकाओं को मिष्ठान भी वितरित किया।

राज्यपाल ने महिला कल्याण विभाग की मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत राजकीय बालगृह (बालिका) परिसर में क्लाउड किचन एवं आउटलेट निर्माण का शिलान्यास किया। उन्होंने बालिकाओं की व्यक्तिगत पत्रावलियों का भी अवलोकन कर उनके शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संबंधी प्रगति की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने संस्था के शिक्षक, चिकित्सक, रसोइया, सफाई कर्मी एवं अन्य कर्मचारियों से भी संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने एनआईओएस के माध्यम से हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाली 18 बालिकाओं को प्रोत्साहन प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा बालिकाओं और बच्चों को स्नैक्स एवं चॉकलेट भी प्रदान किए।

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अखिलेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, पुलिस उपायुक्त नगर मनीष शांडिल्य, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीता सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) उपमा पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार, सीडीपीओ संजिता सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल