जी राम जी योजना से श्रमिकों को 125 दिन रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी की गारंटी : केशव प्रसाद मौर्य

 




प्रयागराज, 02 जुलाई (हि.स.)। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) जी राम जी योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगी। उक्त बातें गुरुवार को मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के ऑडिटोरियम में आयोजित योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।

उन्होंने कहा कि योजना के तहत अब श्रमिकों को 125 दिन के रोजगार की गारंटी, प्रतिदिन 300 रुपये मजदूरी तथा सात दिनों के भीतर पारिश्रमिक का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के विजन के अनुरूप गांवों का समग्र विकास और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नई योजना के तहत मनरेगा की तुलना में रोजगार की अवधि 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है तथा श्रमिकों की दैनिक मजदूरी 252 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दी गई है। उन्होंने बताया कि मजदूरी का भुगतान अब 15 दिनों के बजाय सात दिनों के भीतर सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी एवं उत्पादक रोजगार सृजित होंगे। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, ग्राम पंचायतों की विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, महिलाओं, युवाओं एवं कमजोर वर्गों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने तथा टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर जैसे विकास कार्यों को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन, कौशल विकास और स्वरोजगार जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब परिवारों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र परिवार के पास आवास निर्माण के लिए भूमि नहीं होगी तो सरकार पट्टा उपलब्ध कराकर उसे भी आवास योजना का लाभ दिलाएगी।

मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के ऑडिटोरियम में आयोजित योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र, स्वीकृति पत्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी वितरित कीं। कार्यक्रम के दौरान तिरुपति (आंध्र प्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय शुभारंभ समारोह का सीधा प्रसारण भी देखा गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह, विधायक दीपक पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल