हिन्दू परिवारों के साथ हो रहे उत्पीड़न मामले में डीएम से मिले विहिप के पदाधिकारी, कार्रवाई की मांग

 




प्रयागराज, 20 अप्रैल (हि.स.)। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने राजापुर कछार क्षेत्र में कथित उत्पीड़न की घटनाओं को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाने की अपील की।

विहिप के प्रांत उपाध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा हिंदू परिवारों को परेशान किया जा रहा है, जिससे भय का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि कई बार हमले की घटनाएं सामने आई हैं और पुलिस की निष्क्रियता के कारण लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि थाने के घेराव के बाद ही मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मांग की कि इस प्रकार की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाया जाए, दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती असुरक्षा की भावना चिंताजनक है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।

इस दौरान जिला मंत्री मनीष श्रीवास्तव, बजरंग दल जिला संयोजक शुभम कुशवाहा, सह मंत्री संकर्शन पांडे, अविनाश सिंह, बादल सिंह, लवलेश बजरंगी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल