सत्ता से बेरोजगार हुए लोग सरकार पर उठा रहे सवाल : केशव मौर्य

 


प्रयागराज, 06 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज प्रवास के दौरान शनिवार को समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल पर तीखा हमला बोला।। उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता से बाहर हो चुके हैं, वही आज सरकार और कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।

जनपद प्रवास के दूसरे दिन सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर अभी से सक्रिय हो जाएं और संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें।

गाजीपुर मुठभेड़ को लेकर सपा सांसद डिम्पल यादव द्वारा उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव और डिंपल यादव का कानून व्यवस्था पर बोलना ऐसा है जैसे शीशे के घर में रहने वाले दूसरों के घरों पर पत्थर फेंक रहे हों। उन्होंने कहा कि यदि किसी घटना को लेकर शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कराई जाती है और यदि कहीं कोई लापरवाही सामने आती है तो उस पर कार्रवाई भी की जाती है।

डिप्टी सीएम ने दावा किया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त है। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस जवाबी कार्रवाई भी करती है।

आर्थिक मुद्दों पर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। जो वस्तुएं पहले विदेशों से आयात होती थीं, आज उनका निर्माण देश में हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए लगातार कदम उठा रही है और युवा सरकार की नीतियों से संतुष्ट हैं।

शंकराचार्य से मुलाकात और गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने के मुद्दे पर विपक्ष के रुख को लेकर उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलीं और गौहत्या व तस्करी को बढ़ावा मिला, वे आज संतों और गौ रक्षा की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही संतों के सम्मान और गौ संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

डिप्टी सीएम ने दावा किया कि वर्ष 2047 तक प्रदेश की सत्ता में सपा और देश की सत्ता में कांग्रेस की वापसी संभव नहीं है। उन्होंने कहा, भाजपा ही वर्तमान है और भाजपा ही भविष्य है। भाजपा ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करेगी।

मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर डिंपल यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां दुर्भाग्यपूर्ण और स्तरहीन हैं तथा भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें।

इस अवसर पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह, सांसद प्रवीण पटेल सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल