युवाओं को आगे आना होगा, सरकार ने उनके लिए नए आयाम स्थापित किए हैं : संजय गुप्ता

 


प्रयागराज, 08 जुलाई (हि.स.)। केंद्र और प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए विकास और अवसरों के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। ऐसे में युवाओं को आगे आकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। उक्त बातें बुधवार को सिविल लाइन स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में युवा सम्मेलन को लेकर हुई बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं।

उन्होंने बताया कि भाजपा प्रयागराज महानगर की ओर से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत गुरुवार को युवा सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र स्थित हनुमान वाटिका में शाम 4 बजे आयोजित होगा।

उन्होंने युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए इसे सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।

संजय गुप्ता ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने युवाओं के लिए अनेक योजनाएं और अवसर उपलब्ध कराए हैं। अब युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे आगे बढ़कर समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा पूरे उत्साह और संगठनात्मक मजबूती के साथ सम्मेलन को सफल बनाने का आह्वान किया। साथ ही सभी से समय से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की।

बैठक में जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर, महानगर महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय, जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष पप्पू पांडेय, युवा मोर्चा जिला महामंत्री श्याम प्रकाश पांडेय, शुभम पांडेय बालाजी, संजय सिंह, आदर्श सोनकर, हार्दिक मिश्रा, गुंजन त्रिपाठी, रोहित कनौजिया, अभिषेक सिंह, सतीश केसरवानी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल