पश्चिम बंगाल में मिली विजय अधर्म पर धर्म और तुष्टिकरण पर राष्ट्रवाद की जीत : संजय गुप्ता

 


प्रयागराज, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में मिली यह विजय अधर्म पर धर्म और तुष्टिकरण पर राष्ट्रवाद की जीत है। यह बातें सोमवार को प्रयागराज सिविल लाइन स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ जीत का जश्न मनाते हुए महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं।

उन्होंने कहा कि बंगाल की पावन धरा पर पहली बार भाजपा की प्रचंड जीत ने यह साबित कर दिया है कि जनता अब तानाशाही और तुष्टिकरण की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी। महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासनकाल में बंगाल की संस्कृति का अपमान हुआ और विशेष वर्ग को खुश करने की राजनीति की गई। उन्होंने कहा कि अब जनता ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है और “सोनार बांग्ला” का सपना साकार होने की दिशा में यह बड़ा कदम है। उन्होंने आगे कहा कि चुनावी परिणामों से यह भी स्पष्ट है कि नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम का विरोध करने वाले दलों को जनता ने नकार दिया है। उन्होंने आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा।

प्रयागराज ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे भाजपाई, “झालमुड़ी” और मिष्ठान बांटकर मनाया जीत का जश्न

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद प्रयागराज में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। सिविल लाइन स्थित भाजपा कार्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्र हुए, जहां ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते हुए खुशी का इजहार किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को “झालमुड़ी” और मिष्ठान खिलाकर जीत की बधाई दी।

कार्यक्रम में रणजीत सिंह, शशि वार्ष्णेय, आनंद सोनकर, अनुज कुशवाहा, प्रमोद मोदी, कुंज बिहारी मिश्रा, प्रमोद सिंह, डॉ. शैलेश पांडेय, रमेश पासी, विक्रमजीत भदौरिया, रवि केसरवानी, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, कंचनलता कुशवाहा, वंदना शर्मा, वंदना सिंह, रीता सिंह, पार्षद किरन जायसवाल, पार्षद नीरज गुप्ता, पार्षद आशीष द्विवेदी, भाजपा प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, राजेश गोंड, सुजीत कुशवाहा, चंद्रा अहलूवालिया, मोहित गुप्ता, प्रवीण भारती, आनंद दुबे, गोपाल श्रीवास्तव, हरीश पासवान, वीरू सोनकर, रोहित विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल