भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता, 2027 की जीत का आधार मजबूत बूथ संगठन होगा : प्रांशु दत्त द्विवेदी
प्रयागराज, 02 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उक्त बातें गुरुवार को वात्सल्य सभागार में भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज महानगर के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) प्रांशु दत्त द्विवेदी ने कहीं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को चुनौती के रूप में स्वीकार कर पूरी ताकत से मैदान में उतरना होगा।
गुरुवार को वात्सल्य सभागार में भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज महानगर के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि प्रांशु दत्त द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा राष्ट्र सर्वोपरि के सिद्धांत पर कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत न केवल सुरक्षित और सशक्त हुआ है, बल्कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विश्व में अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है और प्रत्येक कार्यकर्ता को सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का दायित्व निभाना होगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल समाज के भोले-भाले वर्गों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता समाज के बीच जाकर सही जानकारी पहुंचाने का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा 2027 में फिर विजय हासिल करेगी।
नवनियुक्त भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं चायल विधायक पूजा पाल ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलकर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मुख्य अतिथि प्रांशु दत्त द्विवेदी तथा प्रदेश उपाध्यक्ष पूजा पाल का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक विजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महापौर गणेश केसरवानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल