रेलवे स्टेशनों पर गूंजेगा जागरूकता गीत, नन्हे कलाकारों आरव और असित की आवाज में मिलेगा सुरक्षा व स्वच्छता का संदेश

 


प्रयागराज, 22 जुलाई (हि.स.)। रेल यात्रियों को सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए रेलवे ने बुधवार को नई पहल शुरू की है। जल्द ही रेलवे स्टेशनों पर विशेष जागरूकता गीत प्रसारित किया जाएगा। 09 वर्षीय आरव और 13 वर्षीय असित उर्फ 'साई बंधु' द्वारा तैयार किए गए इस गीत के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और जिम्मेदार रेल यात्रा का संदेश दिया जाएगा।

रेल यात्रियों को सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रेलवे ने एक अभिनव पहल की है। अब रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को विशेष जागरूकता गीत सुनाया जाएगा, जिसके माध्यम से रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा, स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षित यात्रा के प्रति लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

इस जागरूकता गीत को 09 वर्षीय आरव और 13 वर्षीय असित ने तैयार किया है। दोनों भाई साई बंधु के नाम से जाने जाते हैं और अपनी मधुर प्रस्तुतियों के कारण पहले से ही पहचान बना चुके हैं। गीत में यात्रियों से रेलवे की संपत्ति की रक्षा करने, ट्रेनों पर पत्थरबाजी न करने, स्टेशन और ट्रेनों में साफ-सफाई बनाए रखने, सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा अनजान व्यक्तियों से खान-पान की वस्तुएं स्वीकार न करने की अपील की गई है।

उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवम शर्मा ने बुधवार काे बताया कि ऐसे रचनात्मक प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों के माध्यम से शुरू की गई यह पहल सभी यात्रियों के लिए प्रेरणादायक है। हमें विश्वास है कि यह गीत यात्रियों तक सुरक्षा और स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाएगा तथा सभी के सहयोग से रेल यात्रा और अधिक सुरक्षित एवं सुखद बनेगी।

जागरूकता गीत के बोल हैं— *सुनो देश के वासियों जागो और जगाओ, भारतीय रेल को सुरक्षित स्वच्छ बनाओ, सुरक्षित सफर का संकल्प उठाओ, ट्रेनों पर पत्थर कभी ना चलाओ, सतर्क रहो और सबको समझाओ, किसी अनजान व्यक्ति से कुछ ना खाओ, कूड़ा-कचरा इधर-उधर ना फैलाओ, स्वच्छ रहे रेल हमारी यह संदेश फैलाओ।*

जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य इस अभियान के माध्यम से यात्रियों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि सभी के सहयोग से रेलवे परिसरों को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल