सरकार की विफलताओं काे जनता तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर पर मजबूत करना होगा संगठन : श्यामलाल पाल
प्रयागराज, 13 जुलाई (हि.स.)। भाजपा की जनविरोधी नीतियों और सरकार की विफलताओं को जनता के बीच प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उक्त बातें सोमवार को प्रयागराज में स्थित सपा कार्यालय में पदाधिकारियों से बैठक में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहीं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। महंगाई, पेपर लीक, बेरोजगारी और किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध न करा पाने जैसी समस्याओं से जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही प्रदेश के सर्वांगीण विकास की सोच और क्षमता रखती है। पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को संगठन विस्तार तथा जनसंपर्क अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी, ताकि जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष ने सोमवार को समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सेक्टरवार पुनर्समीक्षा करते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त, सक्रिय और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाध्यक्ष गंगापार अनिल यादव, जिलाध्यक्ष यमुनापार पप्पूलाल निषाद, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन, एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव, अमरनाथ सिंह मौर्य, पार्टी प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, महासचिव रविंद्र यादव (एडवोकेट), संगम लाल मौर्य, संगीता पटेल, प्रदीप निषाद, सुरेश कुमार, मकबूल हसन सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल