मुख्यमंत्री योगी 06 जुलाई को आएंगे प्रयागराज, महान विभूतियों की प्रतिमाओं का करेंगे अनावरण
प्रयागराज, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार, 6 जुलाई को प्रयागराज के दौरे पर रहेंगे। अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अपराह्न 2:50 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। इसके बाद वह यमुना बैंक रोड स्थित बोट क्लब परिसर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर नवनिर्मित प्रेरणा पार्क में स्थापित महान विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री अपराह्न 4:10 बजे मेला कार्यालय सभागार में प्रयागराज मंडल के लोक निर्माण विभाग के लंबित एवं प्रगति पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे। साथ ही आगामी विकास परियोजनाओं एवं नई कार्ययोजना पर अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 5:50 बजे प्रयागराज से प्रस्थान करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार ने रविवार को बताया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इसी क्रम में आज रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित त्रिवेणी सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों एवं पुलिस बल की ब्रीफिंग की गई। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, वीवीआईपी प्रोटोकॉल और जनसुरक्षा से जुड़े सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता के साथ निर्वहन करेंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, पार्किंग, बैरिकेडिंग एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दृष्टिगत संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए गए हैं, जिससे मुख्यमंत्री के समक्ष सभी परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति प्रस्तुत की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल