किसान महापंचायत में उठा बिजली, खाद और मुआवजे का मुद्दा
प्रशासन ने एक सप्ताह में कार्रवाई का दिया आश्वासन
प्रयागराज, 21 जुलाई (हि.स.)। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को सिविल लाइंस स्थित पत्थर गिरजाघर पर आयोजित 'डेरा डालो, घेरा डालो किसान सम्मान महापंचायत' में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों किसान ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे। महापंचायत में बिजली आपूर्ति, उर्वरक उपलब्धता, भूमि अधिग्रहण, आवारा पशुओं की समस्या और किसानों के मुआवजे समेत कई मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। प्रशासन के साथ वार्ता के बाद अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया, जबकि भाकियू ने समयसीमा में समाधान नहीं होने पर व्यापक आंदोलन की चेतावनी दी है।
महापंचायत में मेजा, कोरांव, बारा, करछना, फूलपुर, सोरांव, हंडिया, कौंधियारा और शंकरगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने खरीफ सीजन में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने, ग्रामीण क्षेत्रों में 16 से 18 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्मार्ट मीटरों की तकनीकी जांच कराने की मांग उठाई। किसानों ने ट्यूबवेल फीडरों से जुड़े गांवों को उपभोक्ता फीडर से जोड़ने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और अनियमित बिजली कटौती पर रोक लगाने की भी मांग की।
किसानों ने भूमि अधिग्रहण की स्थिति में पूर्व सर्किल रेट के आधार पर उचित मुआवजा देने, कृषि भूमि को ग्रीन बेल्ट घोषित करने की प्रक्रिया वापस लेने तथा आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग रखी। साथ ही प्रत्येक ब्लॉक में गौशालाओं का निर्माण, शंकरगढ़ के सोनबरसा गांव में अधूरे पशुबाड़े का निर्माण पूरा कराने तथा सभी ग्राम पंचायतों में पशु चिकित्सकों की नियुक्ति की भी मांग की गई।
महापंचायत में नगर निगम सीमा में शामिल गांवों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना लगाए गए हाउस टैक्स, सीवर टैक्स और जलकर वापस लेने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
महापंचायत के बाद भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम (प्रशासन), डीसीपी और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वार्ता की। बैठक में किसानों की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रशासन ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए एक सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि संगठन किसानों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि यदि तय समय के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसानों के साथ मिलकर आगे की रणनीति तय की जाएगी और व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल