प्रतापगढ़ के बकुलाही नदी में डूबे युवक का मिला शव
प्रतापगढ़, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में चिलबिला क्षेत्र में डूबे 24 वर्षीय युवक का शव रविवार दोपहर रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बरामद कर लिया गया। शव डूबने वाली जगह से करीब 3 किमी दूर औवार पुल के पास से शव निकाला गया।
चिलबिला के रहने वाले शीतला प्रसाद वैश्य का 24 वर्षीय बेटा अनिकेत शनिवार करीब 4 बजे अपने चार दोस्तों के साथ बकुलाही नदी के डैम पर गया था। सभी युवक डैम की दीवार से गिरते पानी में नहाते हुए रील बना रहे थे। इसी दौरान अनिकेत और उसका दोस्त अभिषेक गहरे पानी में चले गए और अनिकेत डूबने लगा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह डूब गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। देर शाम तक गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अनिकेत का कोई पता नहीं चला। इसके बाद प्रयागराज से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। देर रात तक नदी में सर्च ऑपरेशन जारी रहा। तेज बहाव और अंधेरे के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें भी आईं। रविवार दोपहर एसडीआरएफ टीम ने औवार पुल के पास से अनिकेत का शव बरामद किया।
औवार गांव के पास बना यह चेकडैम युवाओं के बीच सेल्फी और रील बनाने का प्रमुख स्थान बन चुका है। स्थानीय लोग इसे 'बेल्हा का वाटर पार्क' भी कहते हैं। हालांकि, हर साल यहां डूबने से एक न एक युवक की जान जाने की बात आती रही है। डैम के पास गहराई और तेज बहाव के कारण मवेशियों के मरने की घटनाएं भी होती रहती हैं।
थानाध्यक्ष कोतवाली देहात पुष्पराज सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी