संभल के सिरसी में 200 बीघा झील पर चला प्रशासन का बुलडोजर, अवैध कब्ज़े हटे
संभल, 23 मई (हि.स.)। जनपद संभल के सिरसी क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 बीघा सरकारी झील की भूमि को कब्ज़ा मुक्त कराया। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान वर्षों से झील की जमीन पर किए गए कृषि कब्ज़ों को हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कम्प मच गया।
इस विषय में जानकारी देते हुए संभल के तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह 200 बीघे की झील की जमीन है, जिस पर आस पास के काश्तकारों ने कृषि कब्जा कर लिया ओर एक छोटी सी मजार बना कर के यहां पर कब्जा करने का प्रयास किया गया था। कृषक कब्जा तो हटा दिया गया है, जिस पर किसी का कोई विरोध नहीं हुआ और मज़ार के बारे में न्यायालय में धारा 67 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था। जो मुकदमा दर्ज हुआ था उस समय इस मजार के जो मुतवल्ली थे उसके नाम से मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन उस मुतवल्ली के मृतक होने के बाद इस मजार पर किसी ने आपत्ति दर्ज नहीं कराई। इसीलिए धारा 67 की कार्यवाही ड्रॉप कर दी गई ओर अज्ञात के विरुद्ध धारा 67 का मुकदमा योजित किया गया जिसमें आज बेदखली का आदेश पारित किया गया है। जिसका मौके पर क्रियान्वयन कराया जा रहा है। उन्हाेंने बताया कि इसमें लगभग 70-80 बीघे भूमि पर कृषि कब्जा था उसे कब्जा मुक्त कराया गया है और इस भूमि से मजार का कब्जा मुक्त कराया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar