कानपुर में आईटी हब बनाने की पहल तेज करेंगे सांसद प्रकाश पाल
कानपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। कानपुर को आईटी हब के रूप में विकसित करने के लिए तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस संबंध में जल्द ही केंद्र और प्रदेश सरकार के आईटी मंत्रियों के साथ बैठक की जाएगी। यह बातें शुक्रवार को राज्यसभा सांसद प्रकाश पाल ने कहीं।
भाजपा सांसद प्रकाश पाल ने गुरुवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर पहुंचकर संस्थान के प्रोफेसरों के साथ शहर में आईटी हब विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की। करीब एक घंटे चली बैठक में आईटी क्षेत्र के विस्तार, तकनीकी संसाधनों के उपयोग और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में डीन ऑफ रिसोर्स एंड एलुमनी प्रो. अमेय करकरे, प्रो. अंकुश शर्मा और प्रो. जयंत सिंह सहित अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे।
प्रकाश पाल ने कहा कि कानपुर की औद्योगिक पहचान और यहां मौजूद शैक्षणिक एवं तकनीकी संस्थानों की क्षमता का बेहतर इस्तेमाल कर शहर को सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है। आईटी हब विकसित होने से स्थानीय युवाओं को सॉफ्टवेयर, डिजिटल तकनीक और स्टार्टअप के क्षेत्र में रोजगार तथा उद्यमिता के अवसर मिलेंगे। इससे शहर के आर्थिक विकास को भी गति मिल सकती है।
उन्होंने बताया कि आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञों से मिले सुझावों को प्रस्तावित कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा। इस विषय को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी कानपुर में आईटी हब की आवश्यकता और इसकी संभावनाओं से अवगत कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में किसानों तक जैविक खाद के लाभ पहुंचाने और इसके उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। प्रकाश पाल ने कहा कि तकनीकी विकास के साथ किसानों की समृद्धि पर ध्यान देना भी जरूरी है। वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से कृषि क्षेत्र में उपयोगी विकल्पों को बढ़ावा दिया जा सकता है।
इस दौरान भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, क्षेत्रीय मंत्री वीरेंद्र तिवारी और पूर्व जिला अध्यक्ष दीपू पांडेय मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप