प्रधानमंत्री के सोना-चांदी खरीदारी संबंधी बयान के विरोध में स्वर्णकार समाज का प्रदर्शन

 


जौनपुर, 22 मई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से सोना-चांदी की खरीदारी न करने की अपील के विरोध में शुक्रवार को जौनपुर के हनुमान घाट पर सोनार नरहरि सेना के बैनर तले स्वर्णकार समाज ने विशाल धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्वर्णकार समाज के लोग, पदाधिकारी, कारीगर और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए सोनार नरहरि सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि देशभर में लाखों परिवार सोना-चांदी के व्यवसाय से जुड़े हुए हैं और इसी से उनका जीवनयापन होता है। उन्होंने कहा कि यदि सोना-चांदी की खरीदारी प्रभावित होती है तो स्वर्णकार समाज के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

धर्मेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि स्वर्णकार समाज केवल व्यापार नहीं करता, बल्कि यह एक पारंपरिक कला और पीढ़ियों से चला आ रहा रोजगार है। उन्होंने सरकार से स्वर्णकार समाज की भावनाओं और हितों को ध्यान में रखने की मांग की।

जौनपुर सराफा एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अमर जौहरी ने कहा कि स्वर्णकार समाज हमेशा भारतीय जनता पार्टी का समर्थक रहा है, लेकिन यदि इस प्रकार के बयानों से सोना-चांदी का कारोबार प्रभावित होता है तो लाखों कारीगर, दुकानदार और मजदूर बेरोजगारी की समस्या से जूझने लगेंगे।धरना-प्रदर्शन के दौरान “जोर-जुल्म के टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है” जैसे नारों से हनुमान घाट गूंज उठा। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने स्वर्णकार समाज की समस्याओं और रोजगार को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव