प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गोकुलधाम योजना की लॉटरी में 163 आवेदक सफल
कानपुर, 19 फरवरी (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत निजी विकासकर्ता मेसर्स ट्रेड स्टोन लिमिटेड की मगरवारा, उन्नाव स्थित गोकुलधाम योजना के अवशेष फ्लैटों के आवंटन के लिए लॉटरी का आयोजन किया गया। लॉटरी प्रक्रिया में कुल 163 आवेदक फ्लैट पाने में सफल रहे, जबकि 25 आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। पूर्व में आवंटित किसी फ्लैट के निरस्तीकरण अथवा रिफंड की स्थिति में प्रतीक्षा सूची के आवेदकों को आरक्षण नियमों के अनुसार आवंटन किया जाएगा।
उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल एवं सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष कार्याधिकारी/उप जिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह की देखरेख में गुरुवार को प्राधिकरण भवन स्थित अटल बिहारी बाजपेयी प्रेक्षागृह में लॉटरी संपन्न कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सचिव अभय कुमार पाण्डेय ने दीप प्रज्वलित कर किया।
योजना के 218 आरक्षित श्रेणी के अवशेष फ्लैटों के लिए चार फरवरी 2025 से पंच मार्च 2025 तक पंजीकरण कराए गए थे। कुल 242 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से सूडा/डूडा द्वारा 221 आवेदक पात्र घोषित किए गए। पात्र सूची को प्राधिकरण की वेबसाइट एवं सूचना पट पर प्रदर्शित कर सात से 15 जनवरी तक आपत्तियां आमंत्रित की गईं, जिनका निस्तारण उपरांत लॉटरी आयोजित की गई।
लॉटरी की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई तथा कार्यक्रम की वीडियोग्राफी के साथ यूट्यूब चैनल पर सीधा प्रसारण भी किया गया। सफल आवेदकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केडीए की निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप