भाजपा प्रदेश समिति में चित्रकूट के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी मिलना संगठन के सम्मान का प्रतीक : आनंद पटेल

 


- अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन से मजबूत होगा संगठन, 2027 के विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य क्षेत्रीय मंत्री

चित्रकूट, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा पूर्व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी समेत चित्रकूट के कई वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश समिति का सदस्य मनोनीत किए जाने पर जिले में खुशी का माहौल है। मंगलवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री आनंद पटेल के आवास पर नवनियुक्त सदस्यों का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान आनंद पटेल ने पार्टी के निर्णय को संगठन में निष्ठा, समर्पण और अनुभव को सम्मान देने वाला कदम बताया।

आनंद पटेल ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं क्षेत्रीय नेतृत्व ने संगठन के हितों को ध्यान में रखते हुए चित्रकूट के वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश समिति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह केवल कुछ नेताओं को पद देने का निर्णय नहीं, बल्कि संगठन के प्रति वर्षों से समर्पित होकर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के योगदान का सम्मान है। इससे चित्रकूट के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है और संगठन के प्रति उनकी जिम्मेदारी का भाव और मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता होते हैं। चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय और दिनेश तिवारी जैसे अनुभवी नेताओं ने अपने-अपने कार्यकाल में जिले में संगठन को मजबूत करने के लिए मेहनत की है। उनके अनुभव, कार्यशैली और संगठनात्मक समझ का लाभ अब प्रदेश स्तर पर भी मिलेगा। वरिष्ठ नेताओं को नई जिम्मेदारी मिलने से जिले और प्रदेश नेतृत्व के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी।

क्षेत्रीय मंत्री ने पूर्व राज्यमंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष रहते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए और कार्यकर्ताओं को जोड़कर पार्टी को जमीनी स्तर पर विस्तार देने का काम किया। वहीं, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश तिवारी ने भी अपने कार्यकाल में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभवी नेताओं की संगठनात्मक क्षमता पार्टी के लिए उपयोगी साबित होगी।

आनंद पटेल ने कहा कि प्रदेश समिति में चित्रकूट के वरिष्ठ नेताओं को शामिल किए जाने से कार्यकर्ताओं को यह संदेश मिला है कि पार्टी में निष्ठा, परिश्रम और समर्पण का महत्व है। संगठन में जिम्मेदारी मिलने के साथ अपेक्षाएं भी बढ़ती हैं। अब सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी तालमेल के साथ पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए काम करना होगा।

उन्हाेंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का लक्ष्य संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाना है। इसके लिए अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की मेहनत को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने दावा किया कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में 300 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाने का प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश समिति में नई जिम्मेदारी मिलने से चित्रकूट के नेताओं को संगठनात्मक कार्यों में व्यापक भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। पार्टी के इस निर्णय से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और आने वाले समय में संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार पटेल, सुरेश अनुरागी, घनश्याम पटेल, सोनू खंगार, डॉ. संतोष मिश्रा, जितेंद्र केसरवानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त प्रदेश समिति सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल