वाराणसी में करंट से मृत पिता—पुत्र व अधेड़ युवक के परिजनों से मिले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय
—शोक संवेदना व्यक्त कर हरसंभव मदद का दिया भरोसा, बिजली व्यवस्था को लेकर सरकार पर साधा निशाना
वाराणसी, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बारिश के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करंट की चपेट में आकर हुई मौतों के बाद मंगलवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कांग्रेस पार्टी की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
अजय राय सबसे पहले चेतगंज थाना क्षेत्र के कालीमहल तिराहे पहुंचे, जहां वाटर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से त्रिलोकी मोदनवाल की मौत हो गई थी। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की। अजय राय ने कहा कि यह अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहयोग करेगी।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा (काजीपुर खुर्द) पहुंचे। यहां बारावफात पर्व की सजावट के दौरान करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय अनस की मौत हो गई थी। बेटे को बचाने के प्रयास में उसके पिता सलीमउद्दीन उर्फ पप्पू (45) भी करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी जान चली गई। अजय राय ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इस दौरान अजय राय ने वाराणसी की विद्युत व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं वाराणसी के सांसद हैं। इसके बावजूद यदि शहर की बुनियादी विद्युत व्यवस्था इतनी बदहाल है कि बारिश के दौरान करंट उतरने से लगातार लोगों की जान जा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा। उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं के नाम, बड़े-बड़े दावे और प्रचार से शहर स्मार्ट नहीं बनता। लोगों की सुरक्षा के लिए जमीनी स्तर पर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि दोनों घटनाओं की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। हादसों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा मृतकों के परिवारों को तत्काल उचित एवं न्यायसंगत आर्थिक मुआवजा दिया जाए।
उन्होंने वाराणसी की विद्युत व्यवस्था की व्यापक जांच कराने की भी मांग की। अजय राय ने कहा कि जर्जर तारों, खुले कनेक्शनों, बिजली के पोलों और अन्य जोखिम वाले स्थानों को तत्काल दुरुस्त किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी दर्दनाक त्रासदी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, प्रिंस राय, रोहित दुबे, विश्वनाथ कुंवर, मनोज यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी