व्यावहारिक प्रशिक्षण से बढ़ता है विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और रोजगारपरक कौशल : प्रो. विनय कुमार पाठक

 


कानपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़कर व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना है। ऐसे औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, व्यावसायिक समझ और रोजगारपरक कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बातें शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के औद्योगिक भ्रमण के अवसर पर कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट द्वारा प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने होटल एवं रिसॉर्ट उद्योग की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और विभिन्न विभागों के संचालन की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

विद्यार्थियों को फ्रंट ऑफिस, हाउसकीपिंग, फूड एंड बेवरेज सर्विस, फूड प्रोडक्शन, बैंक्वेट संचालन तथा गेस्ट रिलेशन सहित विभिन्न विभागों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान उन्हें अतिथि सेवा, गुणवत्ता प्रबंधन, विभागीय समन्वय और आधुनिक होटल संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

होटल उद्योग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को आतिथ्य क्षेत्र में उपलब्ध करियर के अवसरों, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट, कार्य संस्कृति और उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि तकनीकी ज्ञान के साथ प्रभावी संचार कौशल, अनुशासन, टीमवर्क और सकारात्मक कार्यशैली इस क्षेत्र में सफलता की प्रमुख शर्तें हैं।

संवाद सत्र में विद्यार्थियों ने होटल उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से चर्चा की और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षागत अध्ययन के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान कर उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना रहा।

स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के निदेशक डॉ. सौरभ त्रिपाठी ने कहा कि विभाग विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए नियमित रूप से औद्योगिक भ्रमण, विशेषज्ञ व्याख्यान, कार्यशालाओं और कौशल विकास कार्यक्रमों का आयोजन करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप