प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने किया गेस्ट हाउस व अटल कन्वेंशन सेंटर का शिलान्यास
हाथरस, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश हाथरस,उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने मंगलवार को ग्राम हतीसा भगवन्तपुर में प्रस्तावित अटल कन्वेंशन सेंटर एवं गेस्ट हाउस निर्माण परियोजना का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने उनका पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा गार्ड ऑफ ऑनर द्वारा उन्हें सलामी दी गई।
अवस्थापना विकास निधि के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में बनने वाले इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि लगभग 200 लोगों की क्षमता वाला आधुनिक अटल कन्वेंशन सेंटर जनपदवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि कन्वेंशन सेंटर परिसर में अतिथियों के ठहरने के लिए गेस्ट हाउस का निर्माण भी कराया जाएगा।लगभग 7 से 7.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह परियोजना एक वर्ष के भीतर पूर्ण होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से हाथरस को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक व्यवस्थित आयोजन स्थल मिलेगा, जिससे जिले की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान मिलेगी। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी परियोजना को जिले के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित और आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। अटल कन्वेंशन सेंटर के निर्माण से जिले को आधुनिक आयोजनों के लिए एक सुसज्जित स्थल मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों को भी लाभ होगा। उन्होंने परियोजना के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए।इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता दिवाकर, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उप जिलाधिकारी सदर, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना