बलरामपुर: विद्युत कंट्रोल रूम में भरा पानी, 500 गांव की विद्युत आपूर्ति ठप

 


बलरामपुर ,26 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में तूफानी बरसात से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। तुलसीपुर देहात विद्युत उपकेंद्र के कंट्रोल रूम में पानी भर जाने से आठ फीडरों से जुड़े करीब 500 गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है। इसके अलावा क्षेत्र में 22 स्थानों पर विद्युत खंभे उखड़ने की सूचना है।

लगातार हो रही बारिश के कारण तुलसीपुर विद्युत उपकेंद्र, तुलसीपुर देहात विद्युत यार्ड और विद्युत कंट्रोल रूम में भी पानी भर गया है। इससे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली गुल होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण विद्युत लाइनों और खंभों को हुए नुकसान से स्थिति और गंभीर हो गई है।

तुलसीपुर देहात के अवर अभियंता धर्मात्मा प्रसाद गौड़ ने बताया कि लगातार बारिश के कारण विद्युत कंट्रोल रूम में पानी भर गया है। इसके चलते आठ फीडरों से जुड़े करीब 500 गांवों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई है। क्षेत्र में 22 स्थानों पर विद्युत पोल टूटने या उखड़ने की सूचना मिली है। तेज बारिश के कारण फिलहाल मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है।

जेई ने बताया कि बारिश रुकने के बाद विद्युत विभाग की टीमें तेजी से क्षतिग्रस्त लाइनों और खंभों की मरम्मत का कार्य शुरू करेंगी। कई स्थानों पर विद्युत कर्मियों को तैनात किया गया है। मौसम सामान्य रहने पर करीब 48 घंटे के भीतर विद्युत आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। हालांकि, क्षति अधिक होने पर इसमें कुछ और समय लग सकता है।

उधर, पूरे जनपद की विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हो गई है। लगातार बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग समेत दैनिक जरूरतों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण और नगर क्षेत्र के लोग विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन