फर्रुखाबाद : शीतगृह में आलू भंडारण व शुगर फ्री चैंबर का किराया निर्धारित

 


फर्रुखाबाद, 23 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में आलू उत्पादक कृषकों एवं शीतगृह स्वामियों के साथ साेमवार काे बैठक कर उनकी समस्यओं को सुना गया। शीतगृह एसोसिएशन ने वर्ष 2025 में निर्धारित भंडारण शुल्क सामान्य आलू के लिए 240 रुपये प्रति कुंतल तथा आइसोप्रोपेनॉइल एन-(3-क्लोरोफिनॉइल) कार्बामेट ट्रीटेड चैम्बर में भंडारण प्रभार शुल्क 270 रुपये प्रति कुंतल सहमति वर्ष 2026 के लिए दी है। जिसे जिलाधिकारी ने अनुमोदित कर दिया है।

उक्त के क्रम में जनपद के प्रगतिशील कृषकों की ओर से बताया गया कि विगत वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष आलू की दर कम होने के कारण शीतगृहों में भंडारण शुल्क न बढ़ाया जाए। इस पर जिलाधिकारी ने शीतगृह स्वामियों/प्रबंधकों को निर्देशित किया कि निर्धारित भंडारण शुल्क पर ही कृषकों के आलू का भंडारण करें तथा कृषकों को भंडारण सम्बंधी रसीद एवं तकपट्टी रसीद (तौलपट्टी रसीद) आदि समय से दी जाए। आलू भंडारण सम्बंधी सूचना एवं भंडारण प्रभार की दर एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के दूरभाष नं भी शीतगृह के 2✖4 फिट के आकार के सूचना पट पर पठनीय भाषा में अवश्य प्रदर्शित की जाए। साथ ही शीतगृह स्वामियों/प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि शीतगृहों में आलू भंडार प्रभार प्रति पैकेट न लेकर प्रति कुंतल की दर से लिया जाए।

बैठक में शीतगृह संघ के अध्यक्ष अजय गंगवार सन्नू, सचिव मनोज रस्तोगी, उमेश अग्रवाल एवं उपाध्यक्ष मोहन अग्रवाल तथा प्रगतिशील कृषक वारिज राजपूत, नारद सिंह, ध्रुव राजपूत, आलू निर्यातक सुधीर कुमार शुक्ला एवं शीतगृह स्वामी/प्रबंधक आदि नें प्रतिभाग किया। अन्त में आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों तथा समस्त शीतगृह स्वामियों/प्रबंधकों एवं आलू उत्पादक कृषकों का धन्यवाद ज्ञापित कर बैठक का समापन किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar