अखिलेश यादव के तल्ख बयानों को लेकर बागपत में छिड़ा पोस्टर वार, सपा नेताओं ने जताई नाराजगी

 


बागपत, 26 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में इन दिनों सियासी बयानबाजी के बीच पोस्टर वार ने माहौल को और गर्मा दिया है। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे के पास समाजवादी पार्टी (सपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ बुधवार को आपत्तिजनक शब्दों वाले पोस्टर और बैनर लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।

सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बिल्लू प्रधान समेत कई नेता मौके पर पहुंचे और विरोध जताते हुए पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। सपा नेताओं ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस में शिकायत की गई है।

बिल्लू प्रधान ने कहा कि बैनर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में ‘चवन्नी से रुपया’ बनाने वाले बयान को लेकर चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच यह हरकत की गई है।

वहीं, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद)के जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने भी इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राजनीति रालोद की विचारधारा नहीं है और जिसने भी यह कृत्य किया है, उसका पता लगाकर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव और जयंत चौधरी के बीच हालिया बयानबाजी के बाद यूपी के पश्चिम क्षेत्र में राजनीतिक तल्खी बढ़ गई हैं। इसी के बीच पोस्टर विवाद ने सियासी माहौल को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी