रायबरेली में दाैरे से पहले सपा प्रमुख अखिलेश के विरोध में लगे पोस्टर, लिखा- माफ़िया चलाते थे सरकार
रायबरेली, 24 सितम्बर(हि. स.)। समाजवादी पार्टी(सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गुरुवार काे रायबरेली आगमन के विरोध में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं। कई स्थानों पर लगे पोस्टरों में अखिलेश यादव के साथ आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाकर तंज कसा गया है। कई पोस्टरों पर 'वापस जाओ अखिलेश' भी लिखा गया है। 'कुछ जगह आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार' जैसे नारे लिखे गए हैं। बछरावां कस्बे और प्रमुख स्थानों पर लगे इन पोस्टरों को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुछ पोस्टरों में हरिओम चतुर्वेदी का नाम भी लिखा हुआ है, जिन्हें भाजपा से जुड़ा होना बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर हरिओम ने पोस्ट डालकर धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के दौरे से ठीक पहले शुरू हुई पोस्टरबाजी ने राजनीतिक चर्चाओं को बढ़ा दिया है। विरोधी पोस्टरों के जरिए सपा सरकार के पुराने कार्यकाल और उसके दौरान चर्चा में रहे नेताओं को लेकर सवाल उठाये जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आज के दौरे से जिले की सियासत गर्म हो गई है। पक्ष-विपक्ष द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों को लेकर पुलिस सतर्क है और कड़ी निगरानी कर रही है। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी के अनुसार सपा का शासन माफियाओं का शासन रहा है, कोई भी उस दौर को अब याद भी नहीं करना चाहता। उन्हाेंने कहा कि योगी जी की सरकार में जनता मस्त है जबकि अखिलेश से जनता त्रस्त थी।रायबरेली में इनके आने का कोई असर नहीं होगा।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे