जनसंख्या असंतुलन गंभीर चुनौती, समाज को एकजुट होना होगा : मिलिंद परांडे

 


कानपुर, 28 मार्च (हि.स.)। बढ़ता जनसंख्या असंतुलन देश के भविष्य के लिए बड़ा खतरा बनता जा रहा है। यह केवल आंकड़ों की बात नहीं बल्कि सामाजिक ढांचे, सांस्कृतिक पहचान और आने वाली पीढ़ियों की दिशा से जुड़ा विषय है। समय रहते इस पर ठोस नीति और व्यापक जागरूकता जरूरी है, नहीं तो इसके नतीजे गंभीर हो सकते हैं। यह बातें शनिवार को विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के अंतरराष्ट्रीय संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे ने कानपुर में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहीं।

उन्होंने आगे कहा कि जनसंख्या में असंतुलन का असर सीधे तौर पर समाज की बनावट और संसाधनों के बंटवारे पर पड़ता है। इससे सामाजिक सामंजस्य बिगड़ सकता है और कई तरह की नई चुनौतियां सामने आ सकती हैं। ऐसे में इस विषय को नजरअंदाज करना भविष्य के लिए भारी पड़ सकता है। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि इस दिशा में ठोस और संतुलित नीतिगत प्रयासों की आवश्यकता है।

लव जिहाद और अवैध धर्मांतरण जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये घटनाएं अलग-अलग रूप में समाज के सामने आ रही हैं और खासतौर पर कमजोर वर्गों को प्रभावित कर रही हैं। इससे पारिवारिक व्यवस्था और सामाजिक संतुलन पर असर पड़ता है, इसलिए इन विषयों को लेकर जागरूक रहना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का हल केवल विरोध तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज के भीतर एकता और जागरूकता बढ़ाने पर जोर देना होगा। परिवारों को मजबूत करना, सामाजिक मूल्यों को बचाए रखना और सांस्कृतिक आधार को कायम रखना समय की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि समाज को छोटे-छोटे भेदों से ऊपर उठकर एक साथ खड़ा होना होगा। जब तक समाज बंटा रहेगा, तब तक वह किसी भी बड़ी चुनौती का सामना मजबूती से नहीं कर पाएगा। इसलिए समरसता और आपसी विश्वास को मजबूत करना जरूरी है।

रामोत्सव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज में जागरूकता और एकजुटता का संदेश भी फैलाया जाता है। राम के आदर्श जीवन से समाज को अनुशासन, कर्तव्य और संगठन की प्रेरणा मिलती है, जिन्हें अपनाकर सामाजिक मजबूती लाई जा सकती है।

कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं और परिवार तथा समाज को मजबूत बनाने की दिशा में आगे आएं। समाज जितना संगठित और जागरूक होगा, देश उतना ही मजबूत और संतुलित बनेगा।

पत्रकार वार्ता में विहिप क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र, प्रान्त अध्यक्ष राजीव महाना, प्रान्त मंत्री राजू पोरवाल, प्रान्त प्रचार प्रसार प्रमुख ओमेंद्र अवस्थी भी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप